दीवार गिरने से दो बच्चों और एक वृद्ध महिला की मौत
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मिट्टी की दीवार गिरने से दो बच्चियों और एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। बताया जाता है कि दादी अपनी दो पोतियों के साथ बैठी हुई थी। अचानक दीवार उनके ऊपर गिर गई और तीनों उसके नीचे दब गईं।
यह पूरी घटना सूरजपुर के फतेहपुर की है। जानकारी के अनुसार घटना जयनगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर की है। ग्राम पंचायत करतमा निवासी सचिन दास मिट्टी के मकान में रहते हैं। बारिश के कारण उनके मकान की दीवार कमजोर हो गई थी। सोमवार की शाम करीब 5 बजे सचिन दास की मां (53 वर्ष) और दो बच्चियां जिनमें से एक डेढ़ साल और दूसरी ढाई साल की है। तीनों दीवार के पास बैठी थीं। अचानक मकान की दीवार गिर गई, तीनों मलबे में बुरी तरह दब गईं। तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों और वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
















































