KORBA : कलेक्टर कार्यालय में ही पानी के लिए तरस रहे लोग
कोरबा ।जिस कलेक्टर कार्यालय से पूरे जिले की समस्याओं का समाधान होता है, उसी कार्यालय में इन दिनों बुनियादी सुविधा पानी की भारी किल्लत है। कार्यालय परिसर में लगे वाटर कूलर और वॉशबेसिन की हालत बद से बदतर हो गई है।
पपरिसर में लगा वाटर कूलर पूरी तरह से जंग खाया और बदहाल स्थिति में है। बॉडी का पेंट उखड़ा हुआ है, नीचे पानी से कीचड़ और गंदगी जमा है। नलों से पानी नहीं आ रहा है, ऊपर एक खाली प्लास्टिक बोतल रखी है जो इस बात का सबूत है कि मशीन बंद पड़ी है। रोजाना सैकड़ों ग्रामीण अपनी फरियाद लेकर यहां आते हैं, उन्हें पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
दूसरी तस्वीर शौचालय/वॉश एरिया की है। बेसिन में लगी टोटी सूखी पड़ी है। अंधेरा और गंदगी पसरी है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में कर्मचारी और आम नागरिक दोनों परेशान हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
सवाल उठते हैं –
जब कलेक्टर कार्यालय का ये हाल है तो दूरस्थ गांवों में स्थित सरकारी कार्यालयों का क्या हाल होगा?
क्या जिम्मेदार अधिकारी इस पर संज्ञान लेंगे?
