महानदी उफान पर,जलस्तर बढ़ा आवागमन प्रभावित
रायपुर।बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। नदी-नालों के उफान पर आने से जिले के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया है।
सबसे गंभीर स्थिति घटमड़वा नाले की –
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को जोड़ने वाले घटमड़वा नाले पर करीब 3 फीट से अधिक पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है और लोगों को नाले से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।
शबरी पुल पर बढ़ा खतरा –
वहीं बलौदाबाजार जिले को जांजगीर-चांपा जिले से जोड़ने वाले गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग पर स्थित शबरी पुल पर भी खतरा मंडराने लगा है। महानदी का पानी पुल से महज 2 फीट नीचे बह रहा है। यदि बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर भी यातायात ठप हो सकता है।
5 पुलों पर आवागमन बंद –
मिली जानकारी के अनुसार – कसडोल ब्लॉक के बया पिथौरा मार्ग और विकासखंड पलारी स्थित महानदी अमेठी घाट में पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। भाटापारा-सुहेला मार्ग के जमुनिया नाला पुल में 1 फीट ऊपर पानी। सुहेला में भंवरगढ़-बरडीह मार्ग जमुनिया नाला पुल एवं शिकारी केशली मारह जमुनिया नाला में 1-1 फीट ऊपर पानी। बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डेम में 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। इन सभी 5 पुल-पुलियों पर प्रशासन द्वारा आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
