KORBA; युवा कांग्रेस-NSUI का उग्र प्रदर्शन व बवाल, डिप्टी सीएम अरुण साव को दिखाए काले झंडे, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
कोरबा। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस के कथित बर्बरतापूर्ण रवैये के विरोध में आज कोरबा में सियासी पारा गरमा गया।युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने कोरबा प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया।
पुलिस पहले से थी अलर्ट
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अलर्ट मोड पर थी। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराकर नारेबाजी शुरू की, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारियों की संख्या अधिक होने के कारण मानिकपुर चौकी परिसर में ही अस्थायी जेल बनाई गई थी, जहां सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को रखा गया।
ये हुए गिरफ्तार
प्रदर्शन और गिरफ्तारी देने वालों में प्रमुख रूप से शामिल थे:
NSUI प्रदेश महासचिव विशाल सिंह, प्रतीक पांडे, भानु भगत, आशीष बंजारे, नवनीत सिंह, हर्ष डहरिया, अरविंद राठौर, मनोहर, आनंद चौहान, महेंद्र सिंह के अलावा बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता।
