आबकारी आरक्षक की नौकरी लगी, ज्वाइन नहीं किया, 29 की नियुक्ति निरस्त
S
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में 200 आबकारी आरक्षकों की भर्ती के तहत चयनित 29 अभ्यर्थियों की नियुक्ति निरस्त कर दी गई है। आबकारी आयुक्त कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण करने का अवसर दिया गया था, लेकिन तय समय में उपस्थित नहीं होने के कारण उनकी नियुक्ति समाप्त कर दी गई है।
पूरा मामला क्या है?
आदेश के अनुसार आबकारी आरक्षक भर्ती-2026 के तहत 200 पदों पर नियुक्ति के लिए 23 अप्रैल 2026 को आदेश जारी किया गया था। इसके बाद 26 मई 2026 को कुछ अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद 29 चयनित अभ्यर्थियों ने विभाग में ज्वाइन नहीं किया। इस स्थिति में विभाग ने सभी 29 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश निरस्त करने का निर्णय लिया।
29 अभ्यर्थियों की सूची भी जारी
आदेश के साथ उन सभी 29 अभ्यर्थियों के नाम, आवेदन क्रमांक, पता तथा संबंधित जिले की सूची भी जारी की गई है, जिन्होंने निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
विभाग ने इन्हें नियुक्ति का पर्याप्त अवसर दिए जाने का उल्लेख करते हुए नियुक्ति निरस्त करने की कार्रवाई की है। इन नियुक्तियों के निरस्त होने के बाद आबकारी आरक्षक भर्ती में 29 पद फिर से रिक्त रह गए हैं। फिलहाल आदेश में आगे की भर्ती प्रक्रिया या प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) से नियुक्ति के संबंध में कोई निर्देश नहीं दिया गया है।
