भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन का ओजस्वी मार्गदर्शन और ऊर्जावान नेतृत्व प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणादायी : देव
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दीं
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें बधाई और अनंत शुभकामनाएँ दी हैं। किरण देव ने उनके सुदीर्घ, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि नवीन का सम्पूर्ण राजनीतिक जीवन शुचिता, समर्पण और अथक परिश्रम का प्रतीक है। छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत कर बिहार सरकार में मंत्री और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों को उन्होंने बेहद कुशलता से निभाया है। किरण देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में नवीन का मार्गदर्शन हमारे लिए अमूल्य निधि है। उनके कुशल रणनीतिक कौशल, जमीनी पकड़ और ऊर्जावान नेतृत्व के बदौलत ही छत्तीसगढ़ में भाजपा ने संगठन स्तर पर अभूतपूर्व मजबूती हासिल की है। उनके दिशा-निर्देशों में प्रदेश के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जिसने राज्य में वैचारिक विजय और लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में मील का पत्थर स्थापित किया है। देव ने कहा कि संगठन के प्रति श्री नवीन की निष्ठा और हर कार्यकर्ता से सीधा संवाद करने की उनकी सहज शैली हम सभी को निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करती है। छत्तीसगढ़ भाजपा परिवार ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उन्हें दीर्घायु प्रदान करें और उनका मार्गदर्शन हमें सदैव मिलता रहे। श्री नवीन के जन्मदिन के इस शुभ अवसर पर भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों एवं छत्तीसगढ़ के समस्त ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें अपनी आत्मीय शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।