एसपी राजेश कुकरेजा ने कोरबा जिले की कमान संभाली
कोरबा। एसपी राजेश कुकरेजा ने जिला पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाल लिया है। वे पूर्व में भी जिले में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। ऐसे में त्यौहारी सीजन में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
दरअसल, पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी 11 दिनों की छुट्टी पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में जिले की कमान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल प्रथम वाहिनी के सेनानायक एसपी श्री कुकरेजा को सौंपी गई है। वे शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे जिला मुख्यालय पहुंचे। सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद पुलिस कप्तान कुकरेजा ने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। वे 17 अक्टूबर तक जिला पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ रहेंगे। खास बात यह है कि इस दौरान नवरात्रि और दशहरा का त्यौहार भी मनाया जाएगा। चूंकि पुलिस कप्तान श्री कुकरेजा जिले के माहौल से भलीभांति वाकिफ हैं। ऐसे में उम्मीद है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
















































