मॉर्निंग वॉक पर निकले पुलिसकर्मी की मौत,फैली सनसनी
महासमुंद । जिले में एक पुलिसकर्मी का शव अचेत अवस्था में मिला है. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही पूरी कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। महासमुंद के तुमगांव थाने में पदस्थ आरक्षक रोहित चंद्राकर की आज सुबह मौत हो गई। आरक्षक रोहित हर दिन की तरह आज सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, वे खरोरा सारडीह मोड़ पर अचेत अवस्था में मिले। यह घटना सुबह 6 से 7 बजे के बीच की है।मृतक आरक्षक के चेहरे और माथे पर चोट के निशान भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चल सकेगा। जानकारी के मुताबिक आरक्षक रोहित चंद्राकर 47 साल के थे और उनके दो बच्चे हैं, जिसमें से एक बेटा शादीशुदा है। वह खरोरा के निवासी थे और पिछले 14 वर्षों से पुलिस सेवा में कार्यरत थे।
