तेंदू पत्ता तोड़ने गई दो महिलाओं पर भालुओं ने किया हमला…मेडिकल कॉलेज में भर्ती…
कोरबा। जिले में तेंदू पत्ता तोड़ने गई दो सहेलियों पर भालुओं ने हमला कर दिया. एक महिला चिल्लाने लगी तो भालू वहां से भाग गया. दूसरी महिला को मरा समझकर दूसरा भालू भी वहां से भाग गया. यह घटना बालको वन परिक्षेत्र के टपरा गांव के शगोन जंगल की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला फूल कुंवर (50) और चंद्रमती (55) दोनों टपरा गांव की निवासी हैं. दोनों महिलाएं सुबह करीब 9 बजे तेंदू पत्ता तोड़ने गांव से लगे जंगल में गई थीं. इसी दौरान भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया.
भालुओं ने महिलाओं पर किया हमला
भालू ने जब चंद्रमती पर हमला किया तो वह एक गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गई. उसे मरा समझकर भालू वहां से भाग गया. फूल कुंवर भी चिल्लाती रही और दोनों के बीच 5 मिनट तक संघर्ष चलता रहा. फिर वह भालू भी वहां से भाग गया. तब जाकर फूलकुंवर की जान बच सकी। घायल महिलाओं को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। वह खून से लथपथ थी और किसी तरह घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। बेहोश चंद्रमती को परिजन घर ले गए। वहां उन्होंने 112 और वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
















































