कोरबा। विकासखंड कोरबा के ग्राम सतरेंगा से छोटा हाथी में चौथिया बारात जा रहे ग्रामीणों को लेकर जा रहा वाहन गढ़कटरा नाला के पास पलट गया। घटना में वाहन में सवार सभी ग्रामीण झटके से सड़क से नीचे उछल गए। ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। घटना में एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल ग्रामीणों का उपचार जारी है। बताया जाता है कि विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम सतरेंगा निवासी बुधवार दास की बेटी की शादी दीपका के झाबर में हुई हैं। बुधवार को रोहिदास का परिवार और गांव के लोग छोटा हाथी में सवार होकर दीपका जा रहे थे। वे घर से निकले ही थे कि करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम गढ़कटरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से घायलों को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने 65 वर्षीय कोदो राम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में आरती रोहिदास (17), सुखवारी बाई (60) और अमिताभ के अलावा एक अन्य ग्रामीण को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
















































