PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अब गांव-गांव तक,जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सुकमा। जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में प्रधानमंत्री सूर्याघर निःशुल्क बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बुधवार को कलेक्टोरेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रथ आगामी दिनों में जिले के सभी विकासखंडों एवं गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करेगा। विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मचारी ग्रामीणों को योजना से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे तथा इच्छुक हितग्राहियों का मौके पर ही पंजीयन भी करेंगे। कलेक्टर ध्रुव ने कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र परिवार इस योजना से लाभान्वित हों।
















































