जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं, मंत्री देवांगन ने कलेक्टर को लिखा पत्र
मंत्री ने बचाव और ईलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को नियमित हेल्थ कैंप लगाने के दिए निर्देश
कोरबा। वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर को पत्र लिखकर कोरबा शहर एवं सम्पूर्ण जिले में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मंत्रीदेवांगन ने अपने पत्र में लिखा है कि विधानसभा क्षेत्र कोरबा सहित सम्पूर्ण जिले में डेंगू रोग से पीड़ित व्यक्तियों की संख्या में लगातार वृद्धि होने की जानकारी आम जनता से प्राप्त हो रही है। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों पोड़ी-उपरोड़ा, पाली एवं करतला के साथ-साथ कोरबा नगरीय क्षेत्र में भी लोग डेंगू रोग की चपेट में आ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए नियमित रूप से कीटनाशकों का छिड़काव, नालियों एवं जल-जमाव की सफाई, आवश्यक चिकित्सा, दवाईयों का वितरण किए जाने की अत्यंत आवश्यकता है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरदानी वितरण की व्यवस्था किया जाना भी आवश्यक है। इसके अलावा ऐसे प्रभावित क्षेत्रों में जहां डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, वहां मरीजों की जांच के साथ-साथ नए मरीजों की शीघ्र पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता है। इसे देखते हुए कोरबा विधानसभा सहित पूरे जिले में डेंगू बीमारी की रोकथाम के लिए विशेष पहल करते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था करने के संबंध में तत्काल निर्देश देने कहा गया है।
















































