छत्तीसगढ़ में भी करीब 2000 पाकिस्तानी नागरिकों की गहन निगरानी शुरू,27 अप्रैल तक छोड़ना होगा प्रदेश
छत्तीसगढ़। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए देशभर में पाकिस्तानी नागरिकों की जांच और सत्यापन के आदेश दिए हैं। इसके तहत छत्तीसगढ़ में भी करीब 2000 पाकिस्तानी नागरिकों की गहन निगरानी शुरू हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा करीब 1800 नागरिक रायपुर में रहते हैं, जिनमें से ज्यादातर सिंधी समुदाय से जुड़े हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इन नागरिकों के दस्तावेजों की जांच में जुट गई हैं। केंद्र के आदेश के बाद देशभर में उन पाकिस्तानियों को 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है जो सार्क वीजा या अन्य शॉर्ट टर्म वीजा पर देश में रह रहे हैं। हालांकि, उन पाकिस्तानी हिंदू नागरिकों को इस आदेश से छूट दी गई है जिन्होंने लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) हासिल कर रखा है और उनकी नागरिकता प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। रायपुर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिक जांच के घेरे में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रह रहे कई पाकिस्तानी नागरिक (Pakistani Citizens in Raipur) अब भारत को अपना घर बना चुके हैं। उन्होंने सड्डू, बोरियाकला, महावीर नगर और माना रोड जैसे इलाकों में घर बना लिए हैं और सालों से वहीं रह रहे हैं। इनमें से कई लोगों को भारतीय नागरिकता मिल गई है, जबकि कुछ अभी भी लंबित सूची में हैं। अब ऐसे नागरिकों की सूची फिर से बनाई जा रही है और जिनके पास वैध नागरिकता नहीं है, उनकी कड़ी जांच की जा रही है।
















































