कांग्रेसी निकालेंगे न्याय पदयात्रा 26 से
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बस्तर के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर बुरी नजर लग गई है। बस्तरवासियों का हक बचाए रखने के लिए अब कांग्रेस सीधे रण करेगी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा हैं कि आदिवासी पकृति के उपासक होते हैं। बस्तर आदिवासी बाहुल्य संभाग है और प्रकृति ने यहां के आदिवासियों को जल जंगल, उर्वरा जमीन और बहुमूल्य खनिज संपदा से नवाजा है। धरती के गर्भ में मौजूद लौह
अयस्क और अन्य खनिज संपदा उनके जीवन का आधार हैं। बैज ने कहा कि अब बड़ा रण होगा। आरपार की लड़ाई होगी।
इसके पहले चरण में कांग्रेस 26 अप्रैल को चित्रकोट से न्याय पदयात्रा निकलेगी। यह पदयात्रा 26 से 28 अप्रैल तक तीन दिन लगातार चलेगी। 28 अप्रैल को पदयात्रा जगदलपुर पहुंचेगी, जहां कलेक्ट्रेट का घेराव कर हम ललकार लगाएंगे।